पंचक्रोशी यात्रा की तैयारियों का कमिश्नर,आईजी, डीआईजी, कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा..

उज्जैन 27 अप्रैल। आगामी 3 मई से 7 मई तक पंचक्रोशी यात्रा संचालित की जाएगी। यात्रा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा समुचित तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। शनिवार को संभागायुक्त श्री संजय गुप्ता, आईजी श्री संतोष कुमार सिंह ,डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने पंचक्रोशी यात्रा के पड़ाव स्थलों का सघन भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पड़ाव स्थलों पर पर्याप्त छांव, शीतल पेयजल, चिकित्सा, राशन, आवश्यक मरम्मत आदि कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
    सबसे पहले अधिकारियों का दल पिंगलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। यहां संभागायुक्त और कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से पेयजल, चिकित्सा, छांव, बिजली आदि की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।  कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग ने बताया कि पिंगलेश्वर महादेव मंदिर में लगभग 5 एकड़ ग्राउंड की लेवलिंग और मरम्मत कराई गई हैं। साथ ही बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था की गई है, जिसे 30 अप्रैल तक लगा दिया जाएगा। जनपद सीईओ ने बताया कि पिंगलेश्वर में लगभग 42000 स्क्वायर फीट में छांव की व्यवस्था की रहेगी। पेयजल के लिए 7 टैंकर और स्नान के लिए शावर लगाए गए हैं। तीन बेडेड अस्पताल भी बनाया जाएगा।
   कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि मार्गों की आवश्यक मरम्मत का काम तेजी से कराएं। हर 2 से 3 किलोमीटर पर संकेतक लगाएं जाएं जिसमें आगामी पड़ाव का नाम और दूरी प्रदर्शित हो। पेयजल, शौचालय चिकित्सा,आदि व्यवस्थाएं दुरुस्त रहे। 
    इसके बाद अधिकारियों का दल करोहन स्थित पड़ाव स्थल कायावरोहनेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। यहां कलेक्टर श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग को मार्ग के शोल्डर फीलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि यहां टेंट का साइज और बढ़ाया जाए। एमपीईबी/विद्युत यांत्रिकी विभाग को स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी पड़ाव स्थलों पर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यहां पेयजल, स्नान और शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद एवं नागरिक आपूर्ति निगम को राशन दुकान व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि मधुमक्खी के छत्ते हटाएं जाए। अधिकारियों ने पड़ाव स्थल बिलकेश्वर महादेव मंदिर अंबोदिया, ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर जैथल और पड़ाव स्थल उंडासा का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
पुलिस महानिरीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी सातों पड़ाव स्थलों पर सीसीटीवी के माध्यम से सघन निगरानी की जाएं। भीड़ प्रबंधन के लिए अनाउंसमेंट सिस्टम का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे। मार्गों पर अच्छे रेडियम युक्त स्टॉपेज और साइनेज लगाएं जाय निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मृणाल मीना, निगम आयुक्त श्री आशीष पाठक,अपर कलेक्टर श्री अनुकूल जैन, एडिशनल एसपी श्री जयंत सिंह राठौर सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।धर्मेंद वेबन्यूज उज्जैन।


No comments:

Post a Comment