व्यवस्थाओं के दृष्टि से सबसे बेहतर है यह सिंहस्थ - माखन सिंह

उज्जैन | सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष  माखन सिंह ने कहा कि दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं तथा साधु-संतो के लिये इस बार सिंहस्थ में सबसे बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होने बताया कि यातायात व्यवस्थाओं में बदलाव से लोगों को मेला क्षेत्र में आवागमन में सुविधा हुई है और वे क्षिप्रा तट के पास तक अपने साधनों-वाहनों से आसानी से पहुंच रहे हैं। उज्जैन शहर के ऐतिहासिक विकास ने यहां की तस्वीर बदल दी है और सिंहस्थ में दुनिया भर से आये लोग इस पावन नगरी तथा क्षिप्रा तट के घाटों के सौन्दर्यीकरण को निहार रहे हैं। श्री माखन सिंह ने बताया कि पंचक्रोशी यात्रा के लिये सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किये गये हैं और उज्जैन संभाग के श्रद्धालुओं के साथ ही सिंहस्थ में आये साधु-संत सहित लाखों लोग पंचक्रोशी यात्रा में पूरी आस्था  के साथ भाग लेने के लिये शामिल हो रहे हैं। यह संभावना है कि पंचक्रोशी यात्रा में श्रद्धालुओं के सैलाब से अबतक के सारे रेकार्ड टूट जायेंगे।श्री माखन सिंह ने आज दत्त अखाड़ा स्थित मुख्य मीडिया सेंटर में यह जानकारी दी। इस मौके पर सिंहस्थ केन्द्रिय समिति के सदस्य श्री राकेश अग्रवाल भी मौजूद थे। श्री माखन सिंह ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा बुनियादी व्यवस्थाओं के संबंध में साधु-संतो की समस्याओं का सजगता के साथ त्वरित समाधान किया जा रहा है। सिंहस्थ में मीडिया के लिये हाईटेक मीडिया सेंटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में उन्होने चर्चा की और सिंहस्थ की सफलता में मीडिया से भरपूर योगदान का आग्रह किया।

No comments:

Post a Comment