भूखंड आवंटन में कोई विवाद न हो -संभागायुक्त
उज्जैन|संभागायुक्त डॉ.रवीन्द्र पस्तौर ने आज सोमवार को सुबह सिंहस्थ मेला कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न कक्षों में पहुंचकर अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्हें समय पर उपस्थिति के लिये पाबंद किया। संभागायुक्त ने कार्यालय की आवक-जावक शाखा, आईटी शाखा, भूखंड आवंटन शाखा, अधीक्षक शाखा में पहुंचकर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों से चर्चा की।संभागायुक्त ने सिंहस्थ क्षेत्र में आवंटित किए जा रहे भूखण्डों की जानकारी शाखा से लेते हुए निर्देंश दिए कि इस कार्य को समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाए। भूखण्ड आवंटन में कोई विवाद नहीं हो। साधु-संतों के किसी भी अनुरोध को पूर्ण सम्मान जनक रूप से हल किया जाए।उप मेला अधिकारी अभिषेक दुबे के कक्ष में सिंहस्थ संबधी प्रश्नावली तैयार करने के कार्य की जानकारी लेते हुए निर्देंश दिए कि सिंहस्थ संबधी कम से कम 5 से लेकर 6 हजार तक प्रश्न तैयार करते हुए सम्बन्धित जानकारी वैबसाइट पर उपलब्ध कराई जाय। प्रश्नावली को सूचनात्मक मेनेजमेंट और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थागत तरीके से क्लासिफाइड किया जाए। व्यक्ति की किसी भी विषय में जानकारी पाने की जिज्ञासा को ध्यान में रखते हुए प्रश्नावली तैयार करें और जानकारी मुहैया करवायें। संभागायुक्त ने निर्देंश दिए कि सिंहस्थ में आने वाला व्यक्ति क्या चाहता है, इसको अपने मस्तिष्क में रखें। इस फ्रीक्वेन्टली आस्क्ड क्वेश्चन सीरीज (प्रश्नावली) में सिंहस्थ के दौरान होने वाले महत्वपूर्ण इवेन्ट्स के बारे में भी जानकारी डाली जाए। सिंहस्थ क्षेत्र के जोन, सेक्टर में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा क्या कार्य किए जायेगें, यदि व्यक्ति को किसी स्थान विशेष या व्यक्ति विशेष से मिलना है या उज्जैन शहर में उसको किसी खास भोजन के बारे में जानकारी लेना है, ऐसे तमाम प्रश्नों को शामिल करते हुए सम्बन्धित जानकारी मुहैया कराने के निर्देंश दिए। इसके साथ ही सिंहस्थ सम्बन्धी प्रमुख 30 से 35 विषयों को चिन्हाकिंत करते हुए प्रत्येक विषय पर बुकलेट तैयार करने को कहा।
No comments:
Post a Comment