आई.ए.एस.अधिकारियों का दल प्रशिक्षण अध्ययन के लिए बालाघाट पहुंचा
बालाघाट | भारतीय प्रशासनिक सेवा(आई.ए.एस.) के 17 अधिकारियों का दल प्रशिक्षण अध्ययन के लिए इन दिनों बालाघाट जिले के भ्रमण पर आया हुआ है। अपने चार दिवसीय बालाघाट प्रवास के दौरान ये नवप्रशिक्षु अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, जिला प्रशासन के कार्य एवं सामाजिक दायित्वों के बारे में भी जानकारी लेंगें। इसके बाद यह दल छत्तीसगढ़, उड़ीसा एवं झारखंड राज्य के जिलों के भ्रमण के लिए रवाना हो जायेगा। आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में इन अधिकारियों के दल को प्रशासनिक कार्यों एवं योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने इन अधिकारियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति, आदिवासी विकास, ग्रामीण विकास विभाग की संरचना, प्रशासनिक कार्यों एवं शासकीय कार्यक्रमों योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जिले में किये जा रहे नवाचारों और उनके अनुभवों के बारे में भी बताया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए चलाये जा रहे मास्टर्स कार्यक्रम, स्वास्थ्य के क्षेत्र में किशोरी बालिकाओं के हिमोग्लोबिन स्तर को बढ़ाने के लिए चलाये जा रहे महिमा कार्यक्रम, आंगनवाड़ी केन्द्रों के बच्चों के वजन व पोषण स्तर पर आनलाईन निगरानी रखने के लिए बनाये गये वात्सल्य साफ्टवेयर, चल-अचल संपत्ति के ई-पंजीयन तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न वितरण की आनलाईन मानीटरिंग के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग के कार्यों एवं विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा के उत्थान के लिए किये जा रहे कार्यों के बारे में भी बताया। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी ने नक्सल प्रभावित जिले में सुरक्षा के दायित्वों एवं पुलिस के सामाजिक दायित्वों के बारे में जानकारी दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण राठी ने ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही बी.आर.जी.एफ. एवं आई.ए.पी. योजना के बारे में जानकारी दी। दक्षिण सामान्य वन मंडल के वन मंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने वन संरक्षण के साथ ही वनों के करीब रहने वाले लोगों को रोजगार दिलाने में वनों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नव प्रशिक्षु अधिकारियों ने सवालों के माध्यम से अपनी जिज्ञासायें अधिकारियों के समक्ष रखी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. खोसला, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री सत्येन्द्र सिंह मरकाम, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक, जिला आपूर्ति अधिकारी सुश्री रश्मि साहू, जिला पंजीयक सुश्री निधि जैन, एकीकृत बाल विकास सेवा के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री मनोज लारोकर उपस्थित थे। प्रशिक्षु आई.ए.एस. अधिकारियों का यह दल 11 जनवरी को बालाघाट पहुंचा है। इस दल के अधिकारियों ने 10 जनवरी को सालेटेकरी पुलिस चौकी का भ्रमण कर उसकी कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने 12 जनवरी की दोपहर को गांगुलपारा में ईको पर्यटन की गतिविधियों को देखा तथा शाम को आई.जी. कार्यालय में कोबरा बटालियन व सी.आर.पी.एफ. के जवानों से उनकी कार्यप्रणाली के बारे में चर्चा की। अधिकारियों का यह दल 13 जनवरी को लालबर्रा विकासखंड के ग्राम धारावासी, ढूटी व साल्हे(ला.) का भ्रमण करेगा और ग्रामीण विकास की गतिविधियों को मौके पर जाकर देखेगा। 14 जनवरी को अधिकारियों का यह मायल भरवेली का भ्रमण करेगा और दोपहर में कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिले के भ्रमण के दौरान पाये गये अनुभवों को प्रस्तुत करेगा। उसके बाद यह दल छत्तीसगढ़, उड़ीसा एवं झारखंड राज्य के जिलों के भ्रमण के लिए रवाना होगा।
No comments:
Post a Comment