एयर एशिया : मलबे के बाद शव भी मिले

 जकार्ता। तीन दिन से लापता एयर एशियाके विमान क्यूजेड-8501 का मलबा मंगलवार को इंडोनेशिया के जावा से लगे समुद्री इलाके में मिला। तीन शव भी समुद्र में उतराते मिले। अपुष्ट खबरों में इस इलाके में करीब 40 शव देखे जाने की बात कही जा रही है। खराब मौसम और ऊंची लहरों के कारण तलाश अभियान में बाधा आ रही है।इंडोनेशिया की राष्ट्रीय बचाव एजेंसी के प्रमुख बामबांग सोलिस्तो ने मंगलवार देर रात कहा कि जावा के समुद्री इलाके में दो महिलाओं और एक पुरुष के शव मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समय बीतने के साथ लोगों के जिंदा मिलने की उम्मीदें धूमिल होती जा रही हैं। इससे पहले मीडिया में इंडोनेशियाई नौसेना के हवाले से करीब 40 शव मिलने का दावा किया गया था।बीते रविवार को इंडोनेशिया के सुराबाया से सिंगापुर जा रहा विमान दुर्घटना का शिकार कैसे हुआ इससे पर्दा उठना बाकी है। विमान में उस वक्त चालक दल के सदस्यों समेत 162 लोग मौजूद थे। इंडोनेशिया के हवाई परिवहन के कार्यवाहक महानिदेशक जोको मुर्जातमोदो ने कहा, जो मलबा मिला है वह एयर एशिया की फ्लाइट क्यूजेड-8501 का है। तलाशी के दौरान इंडोनेशिया की वायुसेना के एक गश्ती विमान ने यह मलबा देखा।मछुआरों ने दी सूचना-मलबे के स्थान के बारे में सबसे पहले दो मछुआरों ने सूचना दी थी। रविवार सुबह इन मछुआरों ने धमाके की आवाज सुनी थी। उनसे जानकारी मिलने के बाद इंडोनेशियाई एजेंसी ने तुरंत ही उस स्थान के लिए एक हेलीकॉप्टर रवाना किया।इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी को मलबा मिलने वाली जगह पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। तलाशी में आधुनिक तकनीक से लैस ऐसे जहाजों को लगाया गया है, जिनसे पता चल सके कि विमान का बड़ा हिस्सा कहां डूबा है?

No comments:

Post a Comment