महाशिवरात्री पर्व भव्य पैमाने पर मनाया जावेगा-संभागायुक्त

उज्जैन | 06-मार्च-महाशिवरात्री पर्व 10 मार्च को मनाया जायेगा। इस अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम व संस्कृति संचालनालय के सहयोग से तीन दिवसीय श्री महाकाल उत्सव भव्य पैमाने पर मनाया जायेगा। संभागायुक्त श्री अरुण पाण्डेय की अध्यक्षता में आज शाम बृहस्पति भवन में व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक आहूत की जाकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डॉ.मोहन यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री किशोर खण्डेलवाल उपस्थित थे। संभागायुक्त श्री पाण्डेय ने समस्त जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासन के अधिकारियों को श्री महाकाल उत्सव धूमधाम से मनाये जाने कर अनुरोध किया और आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाये। डॉ. मोहन यादव ने बैठक में अवगत कराया कि शास्त्रीनगर मैदान में 8 से 10 मार्च को महानाट्य श्री महाकाल गाथा शाम 07 बजे से आयोजन किया जायेगा। 09 मार्च को शाम 04 बजे चामुण्डा माता चौराहा स्थित श्री पशुपतिनाथ महादेश मंदिर से श्री महाकालेश्वर मंदिर तक शिव बारात बड़ी धुमधाम से निकलेगी। आपने बताया कि 10 मार्च को प्रातः 10 बजे से श्री महाकालेश्वर मंदिर से इंगोरिया के समीप ग्राम दंगवाड़ा स्थित श्री बोरेश्वर महादेव मंदिर पर जलाभिषेक हेतु वाहन यात्रा निकाली जायेगी।  कलेक्टर श्री बी.एम. शर्मा ने उक्त आयोजन के व्यापक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी, नगर निगम आयुक्त, पुलिस प्रशासन आदि को निर्देश दिये हैं। आपने एडीएम को निर्देश दिये कि शास्त्री नगर मैदान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय श्री महाकाल गाथा के महानाट्य के कार्यक्रम स्थल पर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जाये तथा नगर निगम कमिश्नर को निर्देश दिये कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मच्छरों की रोकथाम के लिए टीफा मशीन आदि की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाये। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को निर्देश दिये कि वे कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री शर्मा ने भगवान शिव की नगरी में महाशिवरात्री पर्व पर नगरवासियों के लिए डॉ. मोहन यादव की परिकल्पना को बधाई देते हुए शहरवासियों के लिए हर्ष की बात बतलाई। इसलिए शहरवासी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। 

No comments:

Post a Comment