शहर में पाइप लाइन से गैस कनेक्शन देने के कार्यों का विस्तार होगा ..

उज्जैन । गैस ॲथोरिटी ऑफ इण्डिया लिमिटेड (गेल) उज्जैन शहर में पाइप लाइन के जरिये घरों में गैस कनेक्शन देने के कार्य का द्रूत गति से विस्तार करेगा। इसके अलावा गेल शहर में चौराहों पर रोटरी विकास सौंदर्यीकरण एवं संधारण का कार्य भी करेगा। कलेक्टर  संकेत भोंडवे ने इस सम्बन्ध में बुधवार को गेल के अधिकारियों के साथ चर्चा की। गेल के नागझिरी क्षेत्र स्थित आवासीय परिसर में गेल अधिकारियों के साथ कलेक्टर ने विभिन्न गतिविधियों के बारे में विचार-विमर्श किया। इस दौरान विधायक डॉ.मोहन यादव, गेल के ओआईसी श्री राजेन्द्र कुमार, मुख्य प्रबंधकद्वय श्री एस.अरूणाचलम व श्री पीके अग्रवाल, वरिष्ठ प्रबंधक श्री अमित व श्री सारस्वत, प्रबंधक एचआर श्री जेपी आचार्य, प्रबंधक श्री दिनेश कुमार गोला आदि उपस्थित थे।चर्चा के दौरान यह तय किया गया कि गेल द्वारा शहर की विभिन्न कॉलोनियों, यूडीए की कॉलोनियों तथा उद्योगों को गेल द्वारा सीधे पाइप लाइन से गैस आपूर्ति की जायेगी। चिन्तामन गणेश मन्दिर के प्रसादी लड्डू बनाने वाली इकाईयों के लिये भी गैस आपूर्ति की जायेगी। इसके अलावा उज्जैन के समीप के किसी एक ग्राम में पाइप लाइन के जरिये गैस आपूर्ति की जाकर प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनाया जायेगा, जहां पाइप लाइन के जरिये शत-प्रतिशत घरों में रसोई गैस पहुंचेगी। इसके पश्चात अन्य गांवों में भी शत-प्रतिशत घरों में गैस आपूर्ति की योजना बनाई जायेगी।प्रशासन और गेल द्वारा संयुक्त मॉकड्रील की जायेगी-इस बैठक में कलेक्टर ने गेल के अधिकारियों से कहा कि गैस पाइप लाइनों के अन्तर्गत आपदा प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिये गेल तथा प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से मॉकड्रील आयोजित की जायेगी। यह आगामी जनवरी में होगी। जिले के जिन गांवों में गेल की पाइप लाइन गुजरती है, उन स्थानों पर सुरक्षा के लिये मॉकड्रील में गेल की टीम के अलावा होमगार्ड, पुलिस तथा प्रशासन के अन्य अंग सम्मिलित होंगे। यह मॉकड्रील जिले के खेरा ग्राम में की जायेगी। कलेक्टर ने कहा कि गेल द्वारा खासतौर पर ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन के सम्बन्ध में जानकारी दी जाना चाहिये। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिले के आपदा प्रबंधन मेप पर गेल की उन तीनों लाइन को अंकित किया जायेगा, जो जिले से गुजर रही हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के अन्तर्गत भी गेल की सम्पूर्ण जानकारी सिस्टम पर प्रविष्ट की जायेगी। यह कार्य जिला सूचना विज्ञान केन्द्र द्वारा किया जायेगा।शहर में गेल द्वारा सीएनजी स्टेशन स्थापित किया जायेगा-इस चर्चा के दौरान यह भी तय किया गया कि गेल उज्जैन शहर के किसी महत्वपूर्ण मार्ग पर अपना एक सीएनजी स्टेशन स्थापित करेगा। प्रशासन द्वारा इसके लिये भूमि उपलब्ध कराई जायेगी। यह स्टेशन आगर रोड, देवास रोड या इन्दौर रोड में से किसी एक स्थान पर स्थापित किया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment