उज्जैन | मध्य प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने शुक्रवार को दोपहर में माधव नगर अस्पताल, जिला अस्पताल एवं चरक अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने सम्बन्धित स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान मरीजों से भी चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासकीय काम में बहानेबाजी न करें और ईमानदारी से मरीजों की सेवा में लग जायें। अस्पताल की सभी आवश्यकताओं की पूर्ति की जायेगी।स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने सम्बन्धित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिये कि अस्पताल में भर्ती मरीज को समय पर नाश्ता, खाना आदि उपलब्ध कराया जाये। माधव नगर अस्पताल में ऑर्थो वार्ड में भर्ती मरीज आगर नाका उज्जैन निवासी संतोष पिता गंभीरसिंह से चर्चा के दौरान मरीज से स्वास्थ्य मंत्री ने पूछा कि सुबह नाश्ता और खाना समय पर मिलता है या नहीं। मरीज ने अवगत कराया कि नाश्ता व खाना नहीं मिलता है। स्वास्थ्य मंत्री ने नाराजगी प्रकट करते हुए सम्बन्धित स्वास्थ्य अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिये कि भर्ती मरीज को समय पर नाश्ता व खाना उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि चिकित्सक अपनी जेब से अस्पताल में नाश्ता व खाना उपलब्ध नहीं कराता है, शासन पैसा उपलब्ध करवाता है, तो फिर भर्ती मरीजों को समय पर नाश्ता व खाना क्यों उपलब्ध नहीं कराया जाता है। स्वास्थ्य मंत्री ने सर्वप्रथम माधव नगर अस्पताल के पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती बच्चों की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिये कि आशा कार्यकर्ताओं को लिखित में निर्देशित किया जाये कि उनके क्षेत्र के ग्रामों के कुपोषित बच्चों को अनिवार्य रूप से अस्पताल में भर्ती करवाया जाये। कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न रहे। इसके लिये जन-जागरूकता लाई जाये। निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ.मोहन यादव एवं श्री श्याम बंसल तथा रोगी कल्याण समिति के सदस्य श्री महेन्द्रसिंह बैस, श्री यशवंत पटेल, श्री राजेश बोराना, श्री महेश खंडेलवाल, श्री आनंदसिंह खीची आदि उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान माधव नगर अस्पताल की समस्याओं से क्षेत्रीय विधायक डॉ.मोहन यादव ने स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया। स्वास्थ्य मंत्री ने माधव नगर अस्पताल के ईसीजी कक्ष का भी निरीक्षण किया। हड्डी वार्ड में भर्ती मरीजों से चर्चा की। अस्पताल में पलंग पर रखे गद्दे फटे होने के कारण भी सम्बन्धितों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिये कि मरीजों के लिये अच्छे गद्दे लगाये जायें। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिये कि मरीजों का इलाज समय पर होना चाहिये। उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं और समय पर नाश्ता व खाना उपलब्ध कराया जाये, यही शासन की मंशा है। उन्होंने गाइनिक ओपीडी, एक्स-रे रूम, पैथालॉजी आदि वार्डों का निरीक्षण कर सम्बन्धितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। माधव नगर अस्पताल की पैथालॉजी में पैथालॉजिस्ट डॉ.सी.एस.भार्गव से चर्चा के दौरान उन्होंने अवगत कराया कि 40 तरह के कैमिकल न होने के कारण मशीन बन्द पड़ी है और कार्य में बाधा आ रही है। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सम्बन्धित स्वास्थ्य अधिकारी से जानकारी प्राप्त की और नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि समस्या का समाधान किया जाना चाहिये। इमरजेंसी में तत्काल सामान खरीदना चाहिये, ताकि किसी भी कार्य में रूकावट न आये। नेत्र वार्ड का भी निरीक्षण स्वास्थ्य मंत्री ने किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने इसके बाद जिला अस्पताल के इमरजेंसी हिमोडायलिसिस इकाई का निरीक्षण किया और भर्ती मरीज महिदपुर के ग्राम भीमाखेड़ा के श्री केशव राय से चर्चा की। चर्चा के दौरान भर्ती मरीज ने बताया कि प्रायवेट अस्पताल से अब जिला अस्पताल में बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है और अस्पताल में नि:शुल्क (बीपीएल का) इलाज हो रहा है। अच्छे से चिकित्सक देखते हैं, किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कैंसर वार्ड का भी निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों के इलाज के बारे में डॉ.सी.एन.त्रिपाठी से चर्चा की और उनके कार्यों पर संतोष जताया। स्वास्थ्य मंत्री ने इसके बाद प्रदेश के अग्रणी और मॉडल के रूप में जाना जाने वाला चरक अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल की निरीक्षण के दौरान प्रशंसा व्यक्त की और अस्पताल के बारे में डॉ.सुनीता परमार ने जानकारी दी और उन्होंने शिशु वार्ड, महिला ओपीडी, महिला आपातकालीन चिकित्सा कक्ष आदि का निरीक्षण किया। अस्पताल में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की पूर्ति के लिये शासन को पत्र भेजें, ताकि आवश्यकताओं की पूर्ति की जा सके। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संचालक डॉ.के.के.ठस्सू, संयुक्त संचालक उज्जैन संभाग डॉ.श्रीमती निधि व्यास, प्रभारी सीएमएचओ डॉ.प्रदीप व्यास, सिविल सर्जन डॉ.एन.के.त्रिवेदी, डॉ.सुनीता परमार आदि उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment