देवास के खारीबावड़ी व मालीपुरा में कर्फ्यू


देवास। शहर के खारीबावड़ी और मालीपुरा क्षेत्र में शनिवार सुबह कर्फ्यू लगा दिया गया।स्तिथि तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है |ज्ञात हो  शुक्रवार रात आपसी रंजिश में हुए विवाद के बाद अफवाह फैलने से कुछ इलाकों में माहौल बिगड़ा और खारीबावड़ी, मालीपुरा, भेरूगढ़ आदि क्षेत्रों में पथराव हुआ था। स्थिति संभालने गए पुलिस बल पर भी पथराव किया गया। हिंसा में कुछ लोगों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया, देर रात इंदौर में उसकी मौत हो गई। शनिवार शाम डीआईजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर आशुतोष अवस्थी, एसपी शशिकांत शुक्ला सहित अन्य अफसरों ने इलाके का भ्रमण किया। मृतक का नाम नरेंद्र पिता रामचरण राजोरिया (25) है। स्थिति न बिगड़े इस कारण अंतिम संस्कार बागली के ग्राम बेहरी में किया गया। प्रशासन ने मृतक के परिजन को एक लाख रुपए देने की घोषणा की। शुक्रवार की घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने तीन प्रकरण दर्ज किए। इनमें 29 नामजद सहित दो अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। 20 को गिरफ्तार कर लिया गया और 17 के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजा। शहर के दो अन्य थानों में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कुछ युवकों को गिरफ्तार किया गया। खारीबावड़ी, मालीपुरा क्षेत्र को छोड़ शहर का अन्य हिस्सा पूरी तरह खुला रहा, लेकिन लोग दहशत में रहे। पुलिस धरपकड़ में लगी रही। शुक्रवार देर रात खारीबावड़ी स्थित धर्मस्थल व आसपास के घरों से सात पेट्रोल बम व हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने उपद्रवियों व संदिग्धों पर सख्ती बरती। 60 से अधिक लोगों को दबोचा गया। शनिवार को भी कुछ इलाकों से हथियार बरामद किए गए। खबर मिली कि कुछ घरों में महिलाओं के पास से हथियार जब्त किए। पुलिस-प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। शहर में शांति है। डीआईजी ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। एसपी ने एडिशनल एसपी को जांच सौंपी है। -शुक्रवार रातभर चली सर्चिंग व धरपकड़, 60 से अधिक को दबोचा
-धर्मस्थल व आसपास के घरों में हथियार सहित सात पेट्रोल बम बरामद।
-एक प्रकरण में 20 नामजद सहित एक अन्य पर बलवा, मारपीट, तोड़फोड़ आदि धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। -दूसरे प्रकरण में तीन के खिलाफ प्राणघातक हमले का केस दर्ज किया। तीनों फरार हैं। 
-तीसरे प्रकरण में छह नामजद सहित एक अज्ञात पर प्राणघातक हमला, बलवा आदि का प्रकरण दर्ज किया। चार को गिरफ्तार कर जेल भेजा। मामले में हत्या की धारा ब़ढ़ाई जाएगी।
-खारीबावड़ी, मालीपुरा क्षेत्र में लोग घरों में कैद रहे। पुलिस बल तैनात रहा।
-पुलिस ने रातभर संदिग्धों की धरपकड़ की। -कई लोगों ने डर के चलते दुकानें नहीं खोली।
-कोतवाली के हवालात में जगह कम पड़ गई और दूसरे थानों में लोगों को बंद करना पड़ा।
-लाठी, डंडे, रॉड सहित कुछ धारदार हथियार जब्त किए गए।

No comments:

Post a Comment