डेढ साल में हवा हो गए है मोदी के वादे -संजय निरूपम
रतलाम । प्रधानमंत्री बनने के लिए नरेन्द्र मोदी ने डेढ साल पूर्व देश की जनता से जो वादे किए थे, वे डेढ साल में ही हवा हो गए है। इसका परिणाम बिहार के चुनाव ने दिखा दिया है। बिहार के बाद अब रतलाम-झाबुआ की जनता के पास मौका है। जनता को कांग्रेस उम्मीदवार को जिताकर मोदी एवं शिवराज सरकार की पोल खोलना चाहिए।यह बात अभा कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने रविवार शाम रतलाम में मीडिया से चर्चा के दौरान कही। श्री निरूपम ने कहा बिहार का पूरा चुनाव केन्द्र सरकार के कामकाज पर हुआ था। वहां कीजनता ने केन्द्र सरकार के कामकाज को नकारते हुए महागठबंधन में विश्वास जताया। मोदी सरकार से डेढ साल के कार्यकाल के बाद जनता पूछ रही है उनके द्वारा चुनाव के पूर्व किये गए वादों का क्या हुआ? डेढ साल में मंहगाई कम होने की बजाय ओर बढी है, वही रेलभाडा भी लगातार बढ रहा है। दाल के भाव आसमान छू रहे है। मोदी सरकार आर्थिक क्षेत्र में विफल रही है। डेढ साल में देश में निर्माण, कृषि उत्पाद आदि सभी घटा है। रोजगार के क्षेत्र में भी कुछ नया नहीं हुआ है, जिससे देश युवा भी अपने का ठगा महसूस कर रहा है।सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में भी विफल रही है। पाकिस्तान ने डेढ साल में लगभग पांच सौ बार सीजफायर का उल्लघन किया है, जबकि चुनाव के पहले मोदी ने कहा था कि, उनकी सरकार रहते पाकिस्तान ने कोई ऐसी हरकत की तो उसकी आंख में आंख डालकर बात की जाएगी। चुनाव के बाद ऐसा कुछ नही हुआ।प्रदेश के व्यापमं घोटाले के प्रश्न पर श्री निरूपम ने कहा सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद इस घोटाले की जांच प्रदेश सरकार को सीबीआई को देना पडी है। सीबीआई जांच के बाद घोटाले के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराजसिंह का चेहरा बेनकाब हो जाएगा। सोश्यल मीडिया पर बीजेपी के प्रभाव संबंधी प्रश्र के उत्तर में उन्होंने कहा सोश्यल मीडिया प्रचार का एक सशक्त माध्यम है। इसे हमने 2013 के चुनाव में महसूस किया। उसके बाद सोश्यल मीडिया पर कांग्रेस का प्रचार बढाया है। चर्चा के दौरान श्री निरूपम के साथ कांग्रेस की मीडिया प्रभारी विभा पटेल, केके मिश्रा, पूर्व मंत्री सुभाष सजोतिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा मामा, चुनाव मीडिया प्रभारी प्रमोद गुगालिया आदि मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment