चार मंजिला इमारत ढही, कई के दबे होने की आशंका

मुंबई। मुंबई के डॉकयार्ड रोड इलाके में चार मंजिला इमारत गिर गई। इस हादसे में 50-60 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर करीब 12 दमकल की गाड़ियां और जेसीबी मशीनों को राहत कार्य के लिए लगाया गया है। डॉकयार्ड स्टेशन के पीछे हुए इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से 5 लोगों को सकुशल बचा लिया गया लेकिन अभी भी कई लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं। इस दौरान एक राहतकर्मी के भी घायल होने की खबर है। सभी घायलों को जेज अस्पताल भेजा गया है। धराशायी बानू अपार्टमेंट 15 साल पुराना था। इसमें बीएमसी के 22 परिवार रहते थे।डॉकयार्ड स्टेशन के पीछे का यह हिस्सा मुंबई का काफी पुरानी इलाका है। पुराना इलाका होने की वजह से यहां काफी घनी आबादी है। फिलहाल फायर ब्रिगेड की दर्जन भर गाड़ियां स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य में जुटी हुई हैं। प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके ढहने से पहले 100 से ज्यादा लोग इससे निकलने में कामयाब रहे। इस इमारत के हिलने की वजह से इसके गिरने की आशंका जताई जा रही थी। पिछले छह महीने में मुंबई और इसके आसपास के इलाके में इमारत ढहने की यह छठी बड़ी घटना है।गौरतलब है कि अप्रैल महीने में मुंब्रा के लकी कंपाउंड में एक इमारत के ढह जाने से 75 लोग मारे गए थे और यह राज्य में इस तरह की सबसे बड़ी घटना थी। जून महीने में माहिम, मुंब्रा, दिलसार और भिवांडी में इमारतें ढही थीं जिनमें तीस लोगों की मौत हो गई थी।

No comments:

Post a Comment