उद्योग आयुक्त श्री धर्माराव का निधन

   उज्जैन | उद्योग विभाग के आयुक्त एवं मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के प्रबंध संचालक एवं उज्जैन संभाग के पूर्व संभागायुक्त श्री टी.धर्माराव, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती विद्याराव तथा उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवेन्द्र सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती कुमुद सिंह का आज लद्दाख में वाहन दुर्घटना में दुःखद निधन हो गया।  इस वाहन दुर्घटना में उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवेन्द्र सिंह घायल हुए है। बृहस्पति भवन में आज शाम को संभागायुक्त श्री अरूण पाण्डेय, आईजी श्री व्ही. मधुकुमार, डीआईजी श्री आई.पी. कुलश्रेष्ठ, कलेक्टर श्री बी.एम.शर्मा, विक्रम विश्व विद्यालय उज्जैन के पूर्व कुलपति डॉ. रामराजेश मिश्र, उद्योग विभाग के संयुक्त संचालक श्री चतुर्वेदी आदि वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और उनके परिजनों को सहन शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उक्त अधिकारियों ने कहा कि वे मृदुभाषी एवं सकारात्मक सोच के धनी थे। बृहस्पति भवन में संभागायुक्त कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने तथा उनके परिवार को इस दुःखद क्षण में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की तथा दो मिनिट का मौन रखकर श्रृद्धांजलि दी। इस दुर्घटना में वाहन चालक की भी मृत्यु हो गई है।वही भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर और प्रदेश संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन ने प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासकीय अधिकारी श्री टी. धर्माराव और उनकी पत्नि एवं उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ शिवेन्द्र सिंह की पत्नि के असामयिक दुर्घटना में निधन पर दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की है।नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि टी.धर्माराव ने अपनी कार्यकुशलता से सभी को प्रभावित किया। प्रदेश के प्रति उनकी अमूल्य सेवाओं को लंबे समय तक याद किया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों ने लेह में हुई सड़क दुर्घटना में मृत सहयात्रियों के अवसान पर दुख व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रभु से प्रार्थना की है। दुर्घटना में घायल प्रशासकीय अधिकारियों सहित अन्य व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

No comments:

Post a Comment