उज्जैन(wni)बिजली, पानी, सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष रवि राय की अगुवाई में कांग्रेस पार्षद दल आयुक्त नगर निगम से मिला। इस दौरान निगमायुक्त को स्पष्ट कहा कि कई बार शिकायतों के बाद भी शहर के वार्डों में समस्याएं व्याप्त हैं ऐसे में अब तत्काल इन समस्याओं के निराकरण नहीं हुए तो नगर निगम के साथ ही मुख्यमंत्री निवास पर आंदोलन किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि शहर में अधिकांश स्ट्रीट लाईटें खराब होकर बंद पड़ी हुई है, जिसके कारण वार्डो में अंधेरा बना हुआ है, मेंटनेंस टीम, प्रकाश विभाग के अधिकारियों से बात करने पर उनके द्वारा कहा जाता है कि हमारे पास सामग्री उपलब्ध नहीं हैं। वित्तिय वर्ष 2022-2023 एवं 2023-2024 से वार्डो के निर्माण कार्य नहीं हो पाये। समस्त एनआईटी खाली गई, इस वर्ष 2024-2025 में भी यही स्थिति निर्मित है। ठेकेदार द्वारा कहा जा रहा हैं कि नगर निगम द्वारा समय पर भुगतान नहीं किया जाता है। वार्डो में पेयजल की काफी समस्या व्याप्त है, शहर में एक दिन छोडकर जल प्रदाय होने के बाद भी रहवासियों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा हैं जो पेयजल प्रदाय हो रहा है वह काफी गन्दा बदबूदार है। वार्डों में कचरा एकत्रित करने हेतु कचरा वाहन पुराने हो चुके हैं, जिन वार्डो में कचरा वाहन उपलब्ध है वह भी जर्जर होकर टूट फूट चुके हैं एवं आये दिन खराब पड़े रहते हैं जिसके कारण वार्डो का कचरा समय पर नहीं उठ पाता हैं। माइक्रो प्लान के अनुसार वार्डों में सफाई कर्मचारी पदस्थ नहीं है जिससे वाडों में सफाई कर्मचारियों की कमी है, सफाई व्यवस्था काफी खराब है। वार्डो में समस्याओं के संबंध में नगर पालिक निगम उज्जैन के अधिकारियों, कर्मचारियों को फोन लगाते हैं तो उनके द्वारा मोबाईल फोन ही नहीं उठाया जाता है। रवि राय ने कहा कि इन समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी निगमायुक्त को समस्त कांग्रेस पार्षदगण व्यक्तिगत रूप से निराकरण हेतु मिलकर अवगत कराते रहे। बावजूद इसके समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। निगमायुक्त से मिलने पहुंचे राजेन्द्र कुवाल उपनेता प्रतिपक्ष, नाजिया कुरेशी (सचेतक), सुलेखा राजेन्द्र वशिष्ठ, माया राजेश त्रिवेदी, सपना जितेन्द्र सांखला, नजमा बी फिरोज पठान, नजमा बी, अर्पित दुबे, हाजरा बी जाहिद हुसैन, छोटेलाल मण्डलोई, इमरान खान, निकिता मालवीय, शाहीन मुजीब सुपारी वाला, शमशाद मेहताब शाह लाला, पूनम मोहित जायसवाल, प्रेमलता ओमप्रकाश रामी, रुखसाना बी अनवर नागौरी ने चेतावनी दी कि तत्काल उपरोक्त समस्याओं का निराकरण करें अन्यथा कांग्रेस पार्षदगण जनता के हितो में नगर निगम एवं मुख्यमंत्री निवास पर आंदोलनकारी कदम उठाने को बाध्य होगा।
No comments:
Post a Comment