उप राज्यपाल नजीब जंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया

नई दिल्ली ।दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह 'अपने पहले प्यार' शिक्षण कार्य की तरफ लौट रहे हैं। एक संक्षिप्त बयान में जंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का शुक्रिया अदा किया।बयान के मुताबिक कि उन्होंने उप राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान खुद को मिली हर तरह की मदद व सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया है। केंद्र में कांग्रेसनीत गठबंधन सरकार के दौरान नजीब जंग नौ जुलाई, 2013 को दिल्ली केउपराज्यपाल बने थे। मोदी सरकार ने कई राज्यों में राज्यपालों को बदलने के बावजूद उन्हें उनके पद पर बरकरार रखा था।बयान के मुताबिक कि दो वर्षों के साथ के लिए जंग ने दिल्ली के मुख्यमंत्री का भी शुक्रिया अदा किया। बयान में कहा गया है कि जंग ने 'दिल्ली के लोगों को उनके समर्थन व प्रेम के लिए धन्यवाद दिया, खासकर एक साल के राष्ट्रपति शासन के दौरान, जिसके बाद फरवरी 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की प्रचंड जीत हुई थी।भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के मध्य प्रदेश कैडर के पूर्व अधिकारी तथा जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति जंग ने अचानक इस्तीफे की कोई वजह नहीं बताई है। जंग के कार्यकाल के दौरान उनके कार्यालय तथा केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार के संबंध सदा तनावपूर्ण बने रहे।इस बीच कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई तो वजह होगी जिस कारण नजीब जंग को इस्तीफा देना पड़ा। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि जंग साहब को भविष्‍य की शुभकामनाएं। कठपुतली की डोर जिसके हाथ में है उन्‍हें भी सद्बुधि दे। जंग साहब के बाद भी जंग जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment