गैंगरेप: दूसरा आरोपी अरेस्ट, 30 तक रिमांड पर

मुंबई। मुंबई सामूहिक बलात्कार कांड में दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुंबई पुलिस ने आज दोनों आरोपियों को भोईवाड़ा कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 30 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुंबई के पुलिस कमिश्नर सत्यपाल सिंह के मुताबिक दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी मुंबई से बाहर भाग गए हैं, उनकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित लड़की की हालत फिलहाल स्थिर है।घटना की जांच कर रही एनएम जोशी मार्ग पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दूसरे आरोपी को दक्षिण मध्य मुंबई के मदनपुरा इलाके के एक वीडियो पार्लर से आज सुबह गिरफ्तार किया गया। वह घटना के बाद से इस इलाके में छिपा हुआ था। आधिकारिक रूप से हालांकि, उसकी पहचान का खुलासा अब तक नहीं किया गया है।पीड़ित से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुंबई को दहलाने वाले पांच दरिदों के स्केच बनवाए थे, उनमें से दो को पकड़ लिया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक बाकी तीन आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। बताया जाता है कि ये सभी आरोपी 20 से 25 साल के हैं। सभी आरोपी मिल के आसपास के इलाके के ही रहने वाले हैं और पीड़ित लड़की के मुताबिक वारदात के वक्त ये सभी नशे में धुत थे।एक आरोपी को पुलिस ने कल दिन में ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इन पांचों के स्केच जारी किए थे, जिसकी मदद से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 20 टीमें बनाई हैं। बाकी फरार तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस मुस्तैदी से जुटी हुई है।

No comments:

Post a Comment